More
    Homeखेलअलवर में नमो युवा मैराथन में शहरवासियों के साथ दौड़े केंद्रीय मंत्री...

    अलवर में नमो युवा मैराथन में शहरवासियों के साथ दौड़े केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव

    केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने खेल को कल्चर बनाने पर दिया जोर, आत्मनिर्भर भारत के सपने के साथ दौड़े युवा

    मिशन सच न्यूज़, अलवर।
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत रविवार को अलवर शहर में आयोजित नमो युवा मैराथन ने पूरे नगर में उत्साह और जोश का संचार कर दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासी—युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे—मैराथन में शामिल हुए। सबसे खास बात यह रही कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी शहरवासियों के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़े और युवाओं को स्वस्थ व नशामुक्त भारत का संदेश दिया।

    खेल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

    मैराथन के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि नमो युवा मैराथन सिर्फ दौड़ नहीं है, बल्कि यह नशामुक्त भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लिए एक सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा—अलवर में खेल को कल्चर बनाने का प्रयास जारी है। जब खेल जीवन का हिस्सा बनेंगे तो युवा न केवल स्वस्थ रहेंगे बल्कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के सपने को भी साकार करेंगे। भूपेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अलवर में आयोजित हुए सांसद खेल उत्सव को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। इस आयोजन ने युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का काम किया है।

    जो हिट है वही फिट है

    मैराथन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “जो हिट है वही फिट है।” उन्होंने बताया कि इस आयोजन में भाग लेकर युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं नमो युवा मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति सकारात्मक रहता है।

    इंटरनेशनल टाइगर मैराथन की तैयारी

    केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया कि पिछले साल 8 फरवरी को अलवर में आयोजित टाइगर मैराथन में देशभर से खिलाड़ियों ने भाग लिया था और उस दौरान अलवर से स्वच्छता का संदेश भी दिया गया उन्होंने घोषणा की कि आने वाले महीनों में अलवर में इंटरनेशनल टाइगर मैराथन आयोजित की जाएगी। इसमें भारत के अलावा विदेशों से भी धावकों को आमंत्रित किया जाएगा। इससे अलवर को विश्व मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

    सांसद खेल उत्सव से मिली नई पहचान

    केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सांसद खेल उत्सव के जरिए अलवर की प्रतिभाएं सामने आई हैं। इन खिलाड़ियों को कैंप लगाकर विशेषज्ञ कोचों से प्रशिक्षण दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस साल भी दूसरा सांसद खेल उत्सव शुरू होगा, जो युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा। खेल को प्रोत्साहित करने से युवा फिट रहेंगे और भविष्य में हिट हो सकेंगे।

    अलवरवासियों का उत्साह

    नमो युवा मैराथन में अलवर शहरवासियों का जोश देखने लायक था। जगह-जगह नागरिकों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। युवा धावकों के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी दौड़े। आयोजन स्थल पर देशभक्ति और फिटनेस से जुड़े गीतों से माहौल और अधिक ऊर्जावान बना।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here