सेमिनार में विद्यार्थियों को आयुष्मान योजना व जन आरोग्य बीमा की जानकारी देकर लाभ लेने हेतु किया प्रेरित
खैरथल। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के आदेशानुसार राजकीय महाविद्यालय खैरथल में विद्यार्थियों के लिए प्रति माह चलाए जा रहे जागरूकता निर्माण कार्यक्रम के तहत एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूरणमल मीणा ने विद्यार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं, जिन्हें निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, रेल या वायु दुर्घटना, ऊंचाई से गिरना, मकान ढहना, डूबना, बिजली का झटका या आग से क्षति की स्थिति में दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को 5 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाती है। यदि एक से अधिक व्यक्ति प्रभावित होते हैं तो यह सहायता 10 लाख रुपये तक प्रदान की जाती है।
सहायक लेखाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने भी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से मिलने वाले लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है, ताकि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रख सकें।
कार्यक्रम का संचालन राजवीर सिंह मीणा ने किया। इस दौरान संकाय सदस्य डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, डॉ. राहुल वर्मा सहित स्टाफ सदस्य प्रभुदयाल, आशीष शर्मा, विक्रम सिंह एवं सौम्या बारेठ उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


