बैठक में योजनाएं प्रभावी लागू कर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश
अलवर। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक ने जिले के दो दिवसीय दौरे के दौरान बुधवार को सर्किट हाउस में बैठक लेकर अनुजा निगम, उद्योग विभाग तथा राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयोग अध्यक्ष ने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्तियों को समय पर इनका लाभ मिल सके।
उन्होंने अनुजा निगम के प्रबंधक से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, एकमुश्त समाधान योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के प्रबंधक से युवाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को बाजार की मांग के अनुसार गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें विभिन्न कंपनियों में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने पात्र युवाओं को स्वरोजगार के लिए विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।
उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक से डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित एवं आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का भी फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वे सम्मान व समानता के अधिकारी हैं।
आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही उन्हें स्वच्छता कार्यों में उपयोग होने वाले आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और समय-समय पर उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए जाएं।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, अनुजा निगम के प्रबंधक लक्ष्मण सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक संजय प्रधान तथा आरएसएलडीसी के प्रबंधक अभिनव दीक्षित सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


