वैश्य समाज के सशक्तिकरण और एकजुटता पर हुआ मंथन, नेताओं ने दिया संदेश
कठूमर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन शाखा कठूमर द्वारा हिंदू नव वर्ष (विक्रम संवत 2083) के अवसर पर वैश्य दिवस के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कस्बे के लाल दास मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महासम्मेलन के अध्यक्ष महेशचंद खंडेलवाल ने की। कार्यक्रम में महिला अध्यक्ष वर्षा जैन एवं युवा अध्यक्ष गोविंद मोनू के सानिध्य में समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संगठन के महामंत्री अशोक जैन ने बताया कि कार्यक्रम में संरक्षक सुनील बजाज ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में वैश्य समाज को एकजुट होकर राजनीतिक रूप से सशक्त बनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज देश में सर्वाधिक टैक्स देने वाला समाज है, लेकिन एकता के अभाव में राजनीतिक रूप से पिछड़ गया है।
इस अवसर पर महिला अध्यक्ष वर्षा जैन ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए समाज के उत्थान के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं महामंत्री अशोक जैन ने प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करते हुए समाज में एकता, सहयोग और योगदान की भावना विकसित करने का आह्वान किया तथा सभी को समाजहित में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में राजा गुप्ता ने वैश्य मिलन सम्मेलन आयोजित करने एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान कैलाशचंद कूलवाल, गोविंद अग्रवाल (मोनू), कृष्ण कुमार दुसाद, राजीव खंडेलवाल, अशोक खंडेलवाल, खुशी खंडेलवाल, अंकुश पंसारी, आशीष अग्रवाल, गोविंद खंडेलवाल, विपिन खंडेलवाल, सोनू गप्पी, चमन खंडेलवाल, मनोज खंडेलवाल, अशोक कुमार, गोविंद खंडेलवाल एवं नितिन सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


