करणी माता धाम पर आस्था के बीच पर्यटन की रौनक, श्रद्धालुओं की भीड़ से लगा लंबा जाम
अलवर। नवरात्र के पावन अवसर पर अलवर स्थित करणी माता मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों और अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में लोग माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ माता के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगते नजर आए।
मंदिर के पुजारी नीरज ने बताया कि नवरात्र के दौरान हर वर्ष यहां मेले जैसा माहौल रहता है, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि यह धाम ऐतिहासिक महत्व रखता है, जिसका निर्माण राजा बख्तावर सिंह के समय में हुआ था। नवरात्र के दिनों में यहां विशेष पूजा-अर्चना होती है और दूर-दूर से लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं ने भी अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए बताया कि वे हर साल नवरात्र में यहां दर्शन करने आते हैं। उनका मानना है कि माता के दरबार में आने से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं मंदिर के पास स्थित ऐतिहासिक बाला किला भी इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक किले की ओर रुख कर रहे हैं। बांदीकुई से आए पर्यटकों ने बताया कि बाला किला से पूरा अलवर शहर बेहद सुंदर दिखाई देता है और यहां का दृश्य मनमोहक है।
बाला किला का ऐतिहासिक महत्व भी लोगों को आकर्षित करता है। यहां स्थित प्राचीन मंदिर में ठाकुर जी और सीताराम जी की 800 से 1000 वर्ष पुरानी मूर्तियां स्थापित हैं, जिनके दर्शन श्रद्धालु श्रद्धा के साथ करते हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, बाला किला घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए निर्धारित शुल्क है, जबकि करणी माता मंदिर में दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। इससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों का संतुलन बना हुआ है।
नवरात्र के इस अवसर पर करणी माता मंदिर और बाला किला क्षेत्र में आस्था और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हालांकि, अधिक भीड़ के चलते करीब दो घंटे तक लंबा जाम भी लगा रहा, जिसे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


