घर में घुसकर हमला कर कुल्हाड़ी-डंडों से की मारपीट, युवक की हालत गंभीर
अलवर। जिले के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र के दौडोली गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर उसके पोते पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़िता 70 वर्षीय धर्मोबाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पोता प्रवीण घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव की एक महिला ने फोन कर आरोपियों को सूचना दी। इसके बाद आरोपी दीवान और उसका बेटा सुरजीत डंडा व कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस आए और प्रवीण पर हमला कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए प्रवीण को घर से बाहर घसीट लिया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। बीच-बचाव करने पहुंची धर्मोबाई के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। वहीं, आरोपियों के साथ आई महिला ने भी उनके साथ हाथापाई की।
घटना के बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल प्रवीण को तुरंत गोविन्दगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


