More
    Homeडॉक्टर्स डे पर रिघव हॉस्पिटल के तीन चिकित्सकों का हुआ सम्मान

    डॉक्टर्स डे पर रिघव हॉस्पिटल के तीन चिकित्सकों का हुआ सम्मान

    व्यापार महासंघ ने कहा— चिकित्सक मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण
    किशनगढ़ बास। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर बुधवार को संयुक्त व्यापार महासंघ की ओर से रिघव हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महासंघ के अध्यक्ष परमानंद लखयाणी के नेतृत्व में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश लालवानी, डॉ. राहुल चौधरी एवं डॉ. चेतना चौधरी का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने चिकित्सकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की।
    सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष परमानंद लखयाणी ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशे से जुड़े व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज के सच्चे सेवक होते हैं। वे दिन-रात मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी सहित हर आपदा और आपातकालीन स्थिति में चिकित्सकों ने अपने परिवार और व्यक्तिगत सुरक्षा की चिंता किए बिना मानवता की सेवा की है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और समाज उनके इस समर्पण का ऋणी है।
    लखयाणी ने कहा कि डॉ. राहुल चौधरी ने सरकारी सेवा से अलग होने के बाद किशनगढ़ बास में रिघव हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर की स्थापना कर क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। अस्पताल में उपचार की बेहतर व्यवस्था होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी समय पर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेश लालवानी भी लंबे समय तक सरकारी सेवा में रहते हुए प्रदेश के अनेक शहरों एवं कस्बों के सरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ आज भी क्षेत्र के मरीजों को मिल रहा है। वहीं डॉ. चेतना चौधरी महिलाओं एवं अन्य मरीजों के प्रति संवेदनशील और समर्पित चिकित्सा सेवाओं के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखती हैं।
    सम्मानित चिकित्सकों ने व्यापार महासंघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों की सेवा ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते रहेंगे।
    इस अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमलेश पमनानी, लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरमेश खुराना, किराना मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन अग्रवाल, टेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभु दयाल सहित संयुक्त व्यापार महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाज में डॉक्टरों का सम्मान और विश्वास सदैव सर्वोपरि रहेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here