अलवर में हत्या का खुलासा, हाथ-पैर बांधकर वारदात करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
अलवर। शहर के खदाना मोहल्ले में अकेले रह रहे बुजुर्ग की हाथ-पैर और मुंह बांधकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद खुलासा कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को डिटेन कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घर में रखी नगदी और सिक्के चोरी करने की नीयत से घुसे थे और विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार और वृत्ताधिकारी उत्तर अंगद शर्मा के सुपरविजन में थाना कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, एमओबी, तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और लगातार 12 घंटे तक बिना रुके कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें डिटेन कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक दिनेशचंद अग्रवाल खदाना मोहल्ले स्थित अपने पैतृक मकान में अकेले रहते थे। उनके पुत्र विकास कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता प्रतिदिन उनके घर भोजन करने आते थे, लेकिन गुरुवार रात नहीं पहुंचे। मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर वह पुराने मकान पहुंचे, जहां अंदर से ताला बंद मिला। दूसरी चाबी से दरवाजा खोलने पर पिता के हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बंधे हुए मिले। शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर हत्या की आशंका हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घर में रखी नगदी और सिक्के भी गायब थे। इसके बाद चोरी और हत्या के एंगल पर जांच तेज की गई। पुलिस ने इस मामले में करण (20) निवासी दारूकुटा मोहल्ला और तेजू उर्फ तेजपाल (20) निवासी मालवीय नगर को डिटेन किया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे चोरी मुख्य वजह प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सके और चोरी गए सामान की बरामदगी की जा सके।
अलवर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या जैसे गंभीर मामले का मात्र 12 घंटे में खुलासा होने पर पुलिस टीम की सतर्कता, तकनीकी जांच और समन्वित कार्रवाई की अहम भूमिका सामने आई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई की सराहना की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


