More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश की बेटियों का सटीक निशाना : राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का...

    मध्यप्रदेश की बेटियों का सटीक निशाना : राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का गौरव बढ़ाया

    भोपाल : खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित “24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल इवेंट्स)” के अंतर्गत आज 50 मीटर राइफल प्रोन (वुमेन) स्पर्धाओं का सफल एवं रोमांचक आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आई महिला निशानेबाजों ने उच्च स्तरीय प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, एकाग्रता एवं तकनीकी दक्षता का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। अकादमी की युवा निशानेबाजों ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सटीक निशानेबाजी का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

    जूनियर महिला वर्ग में प्रथा राठौड़ ने साधा कांस्य पदक पर निशाना

    50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर महिला वर्ग में म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कु. प्रथा राठौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित किया। प्रथा ने प्रतियोगिता में 617.6 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। पूरे मुकाबले के दौरान उन्होंने निरंतर संतुलित एवं प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपनी तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल अकादमी बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।

    सीनियर महिला टीम स्पर्धा में मध्यप्रदेश ने जीता रजत पदक

    50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर महिला टीम स्पर्धा में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। प्रदेश की टीम ने कुल 1853.1 अंक अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। टीम में एशियन गेम्स पदक विजेता आशी चौकसे, अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता सुनिधि चौहान एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी नूपुर कुमरावत शामिल रहीं। प्रतियोगिता में नूपुर कुमरावत ने व्यक्तिगत स्पर्धा में 624.3 अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा शीर्ष खिलाड़ियों में स्थान बनाया। खिलाड़ियों के समन्वय, अनुभव एवं निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने मध्यप्रदेश को टीम स्पर्धा में गौरवपूर्ण सफलता दिलाई।

    राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया उच्च स्तरीय कौशल

    प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों, रेलवे, सेना, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों ने सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ युवाओं में शूटिंग खेल के प्रति रुचि एवं अनुशासन को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य शूटिंग अकादमी लगातार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ एवं उत्कृष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है।

    खिलाड़ियों का सम्मान

    इस अवसर पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव राजीव भाटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने एवं बड़े मंचों के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

    खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सारंग ने दी बधाई एवं शुभकामनाएँ

    खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा खेल अधोसंरचना एवं अकादमियों को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here