More
    Homeदेशकांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद किरण चौधरी बेटी श्रुति के साथ...

    कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद किरण चौधरी बेटी श्रुति के साथ भाजपा में शामिल

    नई दिल्ली. कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद हरियाणा की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। राज्य में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने वाले है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इसे भाजपा के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की मौजूदगी में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने के बाद किरण चौधरी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘अब मैं भी भगवा रंग में रंग गई हूं। लेकिन यही रंग चौधरी बंसीलाल का भी रंग था।’

    बंसीलाल का नाम लीजिए और भाजपा की नीतियों पर काम  शुरू कीजिए

    उन्होंने कहा, ‘हमने 20 साल पहले हरियाणा विकास पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। आज मैं आपसे आह्वान करती हूं कि आप कांग्रेस का झंडा छोड़कर भाजपा का झंडा उठा लें और हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा, ‘‘आज से, हमारा काम शुरू होता है। चौधरी बंसीलाल का नाम लीजिए और भाजपा की नीतियों पर काम करना शुरू कीजिए, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की जय-जयकार करते हुए हरियाणा के कोने-कोने का दौरा कीजिए। यही चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हरियाणा में कांग्रेस को झटका देते हुए चौधरी और उनकी बेटी ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष थीं। किरण चौधरी भिवानी जिले की तोशाम विधानसभा से विधायक हैं।

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू किरण चौधरी को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का चिर प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। किरण और उनकी बेटी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अलग-अलग त्यागपत्र भेजे, जिसमें उन्होंने हुड्डा पर निशाना साधा। बताया जाता है कि किरण चौधरी हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भिवानी-महेंद्रगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से श्रुति चौधरी को टिकट नहीं दिए जाने के साथ साथ राज्य में पार्टी द्वारा टिकट वितरण को लेकर नाराज थीं।

    नई शुरुआत, एक नया प्रभात…

    भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद किरण चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नई शुरुआत, एक नया प्रभात। आज सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना हेतु उन्नत क्षेत्र व प्रदेश के उद्देश्य से अपने कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।” किरण चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा वचन है कि चौधरी बंसीलाल जी के पदचिन्हों का अनुसरण करते हुए हरियाणा व क्षेत्रवासियों के हित में सदैव समर्पित रहेंगे।’

     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here