More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशT-20 वर्ल्ड कप जीत पर मध्यप्रदेश में जश्न की लहर, होली-दीवाली सा...

    T-20 वर्ल्ड कप जीत पर मध्यप्रदेश में जश्न की लहर, होली-दीवाली सा माहौल; सीएम Mohan Yadav भी गदगद

    भोपाल : न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने एक बार फिर टी-20 विश्वकप का खिताब जीत लिया है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद मध्य प्रदेश के हर शहर में देर रात जश्न मना, हर ओर जमकर आतिशबाजी और ढोल धमाल पर लोग जीत की खुशियां मनाते नजर आए. इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा T-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मुकाबला जीतने पर भारतीय टीम और समस्त राष्ट्रवासियों को बधाई दी है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैच देखने के बाद मैच के विजयी क्षण में उल्लास व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस विजय का हकदार था.

    हमारे क्रिकेटर्स विश्व में सर्वश्रेष्ठ : मोहन यादव

     

      मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, '' भारतीय क्रिकेटर सर्वश्रेष्ठ थे और सर्वश्रेष्ठ हैं. वे वर्ल्ड चैम्पियन की तरह ही खेले, एक बार फिर यह सिद्ध हो गया है कि अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र प्रेम के भाव के साथ खेलते हुए खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल होते हैं. वर्ष 2024 में लगभग 2 वर्ष पूर्व भी भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हरा कर वर्ल्ड कप जीता था. आज न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने क्रिकेट के इतिहास में पुनः गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है. यह बहुत हर्ष और गर्व का क्षण है.''

      ये जीत बेमिसाल, टीम के साथ पूरे देश को बधाई : मोहन यादव

      मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दर्शकों ने भी जिस राष्ट्र प्रेम का परिचय दिया और खिलाड़ियों का प्रोत्साहन किया है वो बेमिसाल है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं को भी श्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन के लिए हार्दिक बधाई दी है. डॉ. यादव ने कहा, '' भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंडया, अर्शदीप, किशन और संजू सैमसन समेत पूरी टीम के सभी खिलाड़ियों ने अच्छे खेल के साथ सूझबूझ का परिचय दिया है. यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिकेट सहित सभी खेलों और खिलाड़ियों का हौसला निरंतर बढ़ाया है. भारत के जांबाज, प्रतिभाशाली और राष्ट्र का मान बढ़ाने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों को पूरा राष्ट्र बधाई दे रहा है.

      छतरपुर में वर्ल्डकप जीत पर निकली तिरंगा यात्रा

      भारत औप न्यूजीलैंड के फाइनल मुकाबले के लिए छतरपुर में कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीनें लगाई गई थीं. न्यूजीलैंड का हर विकेट गिरने पर खेल प्रेमी आतिशबाजी, ढोल नगाड़ों ओर तिरंगा लहराकर जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे. वहीं विश्वकप जीत के बाद देर रात तक क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर नाचते-झूमते दिखाई दिए. शहर के गल्ला मंडी, चौक बाजार, छत्रसाल चौक पर पटाखों की गूंज सुनाई दे रही थी. क्या बच्चे, क्या महिलाएं और क्या बुजुर्ग हर कोई इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए सड़कों पर उतर आया. वहीं, युवाओं के समूह ने बाइकों पर देर रात तक तिरंगा यात्रा निकालकर अपनी खुशी जाहिर की.इस मौके पर छतरपुर निवासी क्रिकेट प्रेमी नफीस कुरेशी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, '' अभी ईद में दस दिन बाकी है, लेकिन भारतीय टीम ने आज ही पूरे देश को ईदी दे दी है.'' वहीं क्रिकेट प्रेमी नारायण मिश्रा ने कहा, '' जब-जब भारतीय टीम वर्ल्ड कप खेलेगी, तब-तब जीतती रहेगी हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है और गर्व भी.''

      इंदौर राजवाड़ा में जीत का जश्न, विजयवर्गीय तिरंगे के साथ आए नजर

      भारतीय टीम द्वारा वर्ल्डकप जीतते ही इंदौर के राजवाड़ा में फिर जश्न शुरू हो गया. कई क्रिकेट प्रेमी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के उद्घोष करते दिखे. भारतीय टीम की जीत के पहले ही कई क्रिकेट फैंस इंदौर के राजवाड़ा में पहुंचते लगे थे. इसके बाद हजारों की तादात में युवाओं ने यहां इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया. जीत के जश्न में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी राजवाजडा पहुंचे. विजयवर्गीय भी कार पर खड़े होकर तिरंगा लहराते नजर आए और उन्होंने जीत के जश्न के साथ ही भारतीय टीम को शुभकामनाएं भी दी.

      श्योपुर में सड़कों पर मना जश्न

      टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं श्योपुर में भी लोगों ने घरों से बाहर निकलकर जीत का जश्न मनाया. शहर के कई इलाकों में देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. रंगपंचमी होने की वजह से यहां भारत की जीत पर देर रात फिर गुलाल चला और आतिशबाजी हुई और लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए.

      देवास में जीत के जश्न में हुड़दंग, आतिशबाजी से पुलिसकर्मी घायल

      इंडियन क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न देशभर में बड़े ही धूम धाम से बनाया गया लेकिन मध्य प्रदेश के देवास शहर में जश्न ने हुड़दंग का रूप ले लिया. यहां के सयाजी द्वार पर कुछ असामाजिक तत्व भीड़ के बीच पटाखे फेंकने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन सकती थी. इसी दौरान पुलिस ने हलका बल प्रयोग करने का प्रयास किया, तभी एक जलता हुआ पटाखा CSP सुमित अग्रवाल और SAF बल के दो जवानों के पास आकर फूट गया, जिससे दो जवान घायल हो गए. घायल जवानों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया. सीएसपी सुमित अग्रवाल के मुताबिक, '' कुछ लोग जीत के जश्न में स्थिति बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे. भगदड़ जैसी स्थिति बन सकती थी, इसलिए कुछ लोगों को खदेड़ा गया, इस दौरान एक पटाखा टीम के पास आकर फूट, जिसमें दो जवान घायल हुए हैं.''

      latest articles

      explore more

      LEAVE A REPLY

      Please enter your comment!
      Please enter your name here