More
    Homeराजनीतिक्या साइडलाइन हुए नीतीश कुमार? शपथ पोस्टर विवाद पर रोहिणी का BJP...

    क्या साइडलाइन हुए नीतीश कुमार? शपथ पोस्टर विवाद पर रोहिणी का BJP पर हमला, बोलीं- ‘गिरगिट’

    पटना : बिहार में सत्ता का केंद्र अब आधिकारिक तौर पर बदल गया है और अब यह BJP के हाथों में है। मंगलवार को NDA विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने बुधवार सुबह 11:00 बजे लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जारी किए गए एक पोस्टर ने गठबंधन की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पोस्टर को लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक साथ BJP और नीतीश कुमार दोनों पर निशाना साधा है।

    क्या है पोस्टर में?
    रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शपथ ग्रहण का एक विज्ञापन साझा किया है। इस विज्ञापन में शपथ ग्रहण समारोह का स्थान, समय और दिनांक बताया गया है। इसके अलावा पोस्टर में बिहार के नक्शे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बड़ी तस्वीरें हैं, लेकिन नीतीश कुमार कहीं नजर नहीं आ रहे। इस पोस्टर को रोहिणी आचार्या ने नीतीश कुमार की घोर बेइज्जती बताया है।

    24 घंटे भी नहीं हुए और विज्ञापन से चाचा गायब
    रोहिणी ने तंज कसते हुए लिखा कि अभी चाचा जी (नीतीश कुमार) के इस्तीफे को 24 घंटे भी अभी नहीं बीते हैं और उन्हें पोस्टर-विज्ञापनों से भी बाहर कर दिया गया है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, 'इस्तीफे के पहले तक चाचा जी को यह कह कर ताड़ पर चढ़ाया जा रहा था कि बिहार उनके हिसाब से, उनकी ही छत्रछाया में चलाया जाएगा, मगर इस्तीफा होते ही गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली जमात को चाचा जी की तस्वीर से भी ऐतराज हो गया।'

    माया मिली न राम…
    रोहिणी ने नीतीश कुमार की वर्तमान स्थिति को 'Catch-22' (ऐसी उलझन जिससे निकलना मुश्किल हो) बताया। उन्होंने पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए लिखा, 'चाचा जी जिस हालात में फंसे हैं, उसके लिए कहा गया है कि दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम।' रोहिणी का इशारा साफ था कि नीतीश कुमार ने अपनी दशकों पुरानी साख भी गंवा दी और अब नई सरकार में उन्हें वह सम्मान भी नहीं मिल रहा, जिसके लिए उन्होंने पाला बदला था।

    क्या कह रहे सोशल मीडिया यूजर
    रवि मणि नाम के एक यूजर ने लिखा, 'जिस चाचा ने पूरे परिवार को तरस नहस कर दिया, जिस चाचा में आरजेडी के दौर को गलत प्रचार किया, जिस चाचा ने मतलब के लिए कुर्सी के लिए जीवन भर समझौता किया, उस चाचा के लिए आपको ज़्यादा सोचने की क्या जरूरत है, अपने पार्टी परिवार पर फोकस कीजिए।'

    एक यूजर ने रोहिणी पर ही वार करते हुए लिखा, 'मैडम बौखला गई है मैडम को उम्मीद था कि नीतीश कुमार चाचा पलटी मारेंगे और इनका भाई मुख्यमंत्री बनेगा पर इच्छा पूरी नहीं हुई इसलिए मैडम को ज्यादा प्रॉब्लम हो रही है।' इसी तरह कई अन्य यूजर ने भी तरह-तरह की प्रतिक्रिया दी है।
     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here