More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशMP में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला, भत्तों में संशोधन और...

    MP में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला, भत्तों में संशोधन और समय पर वेतन पर जोर

    भोपाल। मध्य प्रदेश के शासकीय कर्मियों को वेतन और भत्तों के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ निर्देश दिए हैं। मंगलवार को भोपाल में कर्मचारी संगठनों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कर्मियों के हित में अब तक किए गए निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य शासन कर्मियों के लगभग 26 तरह के भत्तों में बदलाव कर चुकी है और अनुकंपा नियुक्ति के अटके प्रकरणों का तेजी से समाधान किया जा रहा है।

    स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से ज्यादा अनुकंपा नियुक्तियां

    शासकीय सेवा के दौरान किसी कर्मचारी के निधन पर उसके परिवार को अनुकंपा नियुक्ति के लिए अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े, इस दिशा में विभागों ने गति बढ़ाई है। मुख्यमंत्री के अनुसार केवल स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के निपटारे को लेकर अब विभागों में होड़ सी देखने को मिल रही है। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मियों को महंगाई राहत देने के संदर्भ में भी शासन छत्तीसगढ़ की सहमति लेने की पुरानी प्रक्रिया समाप्त कर चुकी है।

    एक लाख से अधिक अधिकारियों व कर्मियों को पदोन्नति का लाभ

    प्रदेश के अलग-अलग विभागों में अब तक एक लाख से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति मिल चुकी है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के लिए भी शासन ने कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की बाध्यता से राहत दी है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि पदोन्नति के साथ-साथ प्रदेश में खाली शासकीय पदों पर नई भर्तियों की प्रक्रिया भी लगातार चलती रहेगी।

    वेतन विसंगतियों के समाधान पर कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार

    शासकीय सेवा में दो संतान की अनिवार्य शर्त समाप्त करने समेत कर्मियों से जुड़े तमाम फैसलों को लेकर लगभग 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि कर्मियों की अनेक मांगें व समस्याएं लंबे समय से लंबित थीं और शासन ने विभिन्न संवर्गों के कर्मियों की वेतन विसंगतियों को भी दूर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में कर्मचारियों की अहम भूमिका रहती है तथा कर्मियों का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here