More
    Homeराजनीतिममता बनर्जी ने तारिक भाई को भेजा फूल और मिठाइयां, रमजान की...

    ममता बनर्जी ने तारिक भाई को भेजा फूल और मिठाइयां, रमजान की अग्रिम मुबारकबाद

    बांग्लादेश में बीएनपी की ऐतिहासिक जीत, 17 फरवरी को शपथ लेंगे तारिक रहमान, क्षेत्रीय संबंधों को नया संकेत

    कोलकाता। बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 13वें संसदीय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। इस जीत के बाद तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

    शपथ ग्रहण समारोह के लिए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रण भेजा जा रहा है। इसी बीच ममता बनर्जी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए फूलों का गुलदस्ता और मिठाइयाँ भेजकर अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। बीएनपी चेयरमैन के राजनीतिक कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शनिवार को गुलशन स्थित कार्यालय में पार्टी के मीडिया सेल सदस्य अतिउर रहमान रुमन ने सीएम ममता बनर्जी की ओर से भेजे गए उपहार को प्राप्त किया।

    इससे एक दिन पहले ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तारिक रहमान को ‘तारिक भाई’ संबोधित करते हुए चुनावी जीत की बधाई दी थी। उन्होंने बांग्लादेश की जनता को शुभकामनाएँ देते हुए अग्रिम रमजान की मुबारकबाद भी दी। अपने संदेश में उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया और कहा कि इससे क्षेत्रीय सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम केवल औपचारिक बधाई नहीं, बल्कि भारत और बांग्लादेश के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक रिश्तों को और मजबूत करने का सकारात्मक संकेत है। पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है, ऐसे में यह पहल द्विपक्षीय संबंधों में नई गर्माहट ला सकती है।

    गौरतलब है कि तारिक रहमान दिसंबर 2025 में 17 वर्षों के निर्वासन के बाद लंदन से स्वदेश लौटे थे। उनकी वापसी और अब चुनावी विजय को उनके राजनीतिक जीवन का बड़ा मोड़ माना जा रहा है। चुनाव परिणामों के बाद अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस समेत कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी है।

    अब सबकी निगाहें 17 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जिसे बांग्लादेश की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here