More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़मंत्री, विधायक और सांसद करेंगे घर-घर संपर्क, जनता से सीधे संवाद की...

    मंत्री, विधायक और सांसद करेंगे घर-घर संपर्क, जनता से सीधे संवाद की तैयारी

    रायपुर: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में एक बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम 'घर-घर चलो अभियान' का शंखनाद कर दिया है। बीती 8 जून से ही पार्टी के तमाम दिग्गज नेता और कार्यकर्ता आम जनता के बीच जमीन पर उतर चुके हैं। पार्टी हाईकमान ने साफ संदेश दे दिया है कि अब केवल मंचों से भाषण देने का वक्त नहीं है, बल्कि नेताओं को सीधे फील्ड में उतरकर आम जनता के घरों पर दस्तक देनी होगी। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद किसी भी वक्त अचानक किसी आम नागरिक के घर पहुंच सकते हैं।

    आज 10 जून को सभी विधानसभाओं के मंदिरों में विशेष प्रार्थना

    मोदी सरकार के सफल कार्यकाल के जश्न के तहत आज 10 जून को प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक और सामाजिक अनुष्ठान में बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ आम जनता भी बड़ी संख्या में भागीदारी कर रही है।

    इस महाभियान की सबसे खास बात यह है कि सूबे के मुखिया विष्णुदेव साय अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के अलावा राज्य के किसी भी जिले के ग्रामीण या शहरी इलाके में औचक रूप से लोगों के घर पहुंचेंगे। उनके साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री- अरुण साव और विजय शर्मा समेत तमाम कैबिनेट मंत्री जनता के बीच जाकर केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लेंगे। इस दौरान वे लोगों से सीधा पूछेंगे कि उन्हें राशन, शुद्ध पेयजल, पीएम आवास योजना और महतारी वंदन योजना का लाभ सुचारू रूप से मिल रहा है या नहीं।

    सांसदों और विधायकों को मिले कड़े निर्देश

    इस जनसंपर्क अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय ने सोमवार को राज्य के सभी सांसदों और विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। संगठन ने साफ कर दिया है कि काम में किसी भी तरह की बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नेताओं के राजनैतिक कद के हिसाब से उन्हें विशिष्ट टारगेट सौंपे गए हैं।

    संगठन द्वारा तय किया गया जनसंपर्क का लक्ष्य

    पद / जिम्मेदारीप्रति नेता संपर्क का टारगेट
    कैबिनेट मंत्री, विधायक और सांसदकम से कम 50-50 नए परिवारों/लोगों से सीधा संवाद
    राष्ट्रीय-प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्षन्यूनतम 25-25 लोगों के घर दस्तक
    जिला स्तर के पदाधिकारीकम से कम 15-15 लोगों से मुलाकात
    मंडल अध्यक्षन्यूनतम 10-10 नागरिकों से संपर्क

    मिशन 2028 और 2029 की चुनावी बिसात

    राजनैतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस वृहद् अभियान के जरिए भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2028 और लोकसभा चुनाव 2029 के लिए अभी से अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ को और अधिक अभेद्य बनाना चाहती है, ताकि विपक्षी दलों को आने वाले समय में वापसी का कोई मौका न मिल सके। सोमवार से शुरू हुए इस अभियान के बाद से ही पूरे प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है और सभी जनप्रनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के दौरों पर निकल चुके हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here