चंडीगढ़। लंबी खींचतान के बाद पंजाब की सियासत में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच एक बार फिर गठबंधन होने तथा माझा क्षेत्र में वारिस पंजाब दे की सक्रियता ने आगामी विधानसभा चुनावों के सारे समीकरण उलट-पुलट कर दिए हैं। कुछ महीने पहले तक जिस चुनावी जंग को केवल सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था, अब इन नए राजनीतिक घटनाक्रमों ने वहां एक मजबूत चतुष्कोणीय संघर्ष की जमीन तैयार कर दी है। बदली हुई इस परिस्थिति में अब सबकी नजरें अकाली-भाजपा की बहाल हुई दोस्ती के साथ-साथ वारिस पंजाब दे के सियासी प्रभाव पर टिकी हुई हैं।
लोकसभा चुनाव के आंकड़ों से समझें नया सियासी गणित
आगामी विधानसभा चुनावों की तस्वीर को यदि पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों के पैमाने पर परखा जाए, तो बेहद दिलचस्प आंकड़े सामने आते हैं। तब सात सीटें जीतने वाली कांग्रेस और तीन सीटों पर सिमटने वाली आम आदमी पार्टी को लगभग समान रूप से 26 प्रतिशत के आसपास वोट मिले थे। वहीं, अलग-अलग मैदान में उतरे अकाली दल ने एक सीट के साथ 13.42 प्रतिशत और भाजपा ने बिना किसी जीत के 18.56 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। दोनों का संयुक्त वोट प्रतिशत करीब 33 फीसदी बैठता है। दूसरी ओर, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर चौंकाने वाले अमृतपाल ने भी अब वारिस पंजाब दे का गठन कर चुनावी ताल ठोक दी है।
अकेले कमजोर, लेकिन साथ मिलकर साबित हुए असरदार
लगभग छह साल पहले अपने रास्ते अलग कर चुनावी किस्मत आजमाने वाले भाजपा और अकाली दल की संयुक्त ताकत ने राज्य की राजनीति में हमेशा गहरा असर छोड़ा है। साल 1996 में शुरू हुए इस गठजोड़ ने मिलकर तीन बार पंजाब की सत्ता संभाली, लेकिन अलग होकर चुनाव लड़ने के कारण पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में दोनों ही दल बेहद कमजोर नजर आए थे।
बिहार और महाराष्ट्र की रणनीति दोहराने की तैयारी
पंजाब की राजनीति में अपनी जड़ें जमाने के लिए भाजपा अब बिहार और महाराष्ट्र जैसा मॉडल अपनाने की योजना पर काम कर रही है। गौरतलब है कि इन दोनों राज्यों में भी भाजपा ने शुरुआती दौर में जदयू और शिवसेना के साथ छोटे और सहयोगी दल के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन धीरे-धीरे अपने संगठन का विस्तार करते हुए वहां बड़े भाई की भूमिका हासिल कर ली।


