नागौर। राजस्थान के नागौर शहर स्थित बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बारूद गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक गूंज उठी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
100 फीट के दायरे में नुकसान, घरों में आई दरारें
घटना सुबह करीब 9:40 बजे की बताई जा रही है। विस्फोट के भीषण प्रभाव के कारण घटनास्थल से करीब 100 फीट की दूरी पर खड़ी एक बस के सभी शीशे चकनाचूर हो गए। इसके अलावा आसपास स्थित कई मकानों की दीवारों में गहरी दरारें आ गईं और पास खड़े वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
राहत व बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने मलबे से दो गंभीर रूप से घायल युवकों को निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान और विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त गोदाम के अंदर और कितने मजदूर मौजूद थे।
बारूद निर्माण और पटाखों के स्टॉक की जांच
स्थानीय निवासियों के अनुसार, गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था और वहां निर्मित पटाखों का बड़ा स्टॉक भी रखा गया था। शुरुआती जानकारी में गोदाम के मालिक का नाम अमीन बताया जा रहा है, जिसके पास पटाखों का स्थायी लाइसेंस उपलब्ध है। हालांकि, स्वीकृत सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने के पहलुओं की जांच के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके का जायजा ले रही हैं।



