More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशग्वालियर में सनसनी: पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, शव...

    ग्वालियर में सनसनी: पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, शव के पास बैठा रहा आरोपी

    ग्वालियर में शुक्रवार दोपहर को एक महिला की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। घटना रूप सिंह स्टेडियम के सामने की है। यहां बदमाश ने उसे रोका और उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या के बाद आरोपी शव के पास सड़क पर ही बैठा रहा।

    लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर भी पिस्टल तान दी। पुलिस ने उसे काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ा। उसकी पिटाई भी की। फिर उसे उठाकर थाने ले गई।

    बताया जा रहा है कि महिला को 4-5 गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पता चला कि पीड़ित महिला और आरोपी पति-पत्नी है। दोनों ने लव मैरिज की थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।

    लड़की पर एक-एक कर कई गोलियां चलाई प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि मैं न्यायालय से आ रहा था। तरुण पुष्कर तक पहुंचा था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इधर आकर देखा तो एक साइको टाइप का व्यक्ति था, उसने एक बच्ची पर एक-एक कर कई गोलियां चलाईं।

    तीन गोलियां तो मेरे सामने चली हैं। लड़की सड़क पर बेसुध पड़ी थी। यहां भीड़ लगी थी कोई उसे नियंत्रित नहीं कर सकता था। इसलिए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के आने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।

     

    सीएसपी बोले- पुलिस को भी डराने की कोशिश की सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक युवक ने युवती को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के वक्त कई लोग मौजूद थे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    गोली चलाने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के दौरान आरोपी ने पुलिस को डराने की भी कोशिश की, लेकिन कम बल का प्रयोग कर उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के पास से हथियार भी जब्त कर लिया गया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम जांच के लिए पहुंची।

    झूठ बोलकर शादी की, पहले भी कर चुका हमला

    आरोपी शादीशुदा, झूठ बोलकर दूसरी शादी की थी गोली चलाने वाले का नाम अरविंद परिहार है। अरविंद ने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर से शादी की थी। पिछले मंगलवार (9 सितंबर) को नंदिनी ने अरविंद के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। नंदिनी ने आरोप लगाया था कि अरविंद ने धोखे से उससे शादी की। अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।

    नंदिनी ने बताया था कि जब इसका विरोध किया तो 16 नवंबर 2024 को अरविंद और उसकी दोस्त पूजा परिहार ने उस पर हमला किया। जिसकी शिकायत उसने थाने में दर्ज कराई थी और अभी यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

    इसके बाद सिरोल थाने के पास जब वह अपने बेटे और माता-पिता के साथ पैदल जा रही थीं, तब पीछे से तेज गति से कार के नीचे कुचलकर मारने का प्रयास किया था। उस दौरान उसे गंभीर चोट भी आई थी। इसके बाद उसने पति अरविंद के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया था।

     

    नंदिनी ने जनसुनवाई में यह भी बताया था कि अब अरविंद और पूजा सोशल मीडिया पर उनकी फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर रहे हैं। ये सामग्री उनके परिवार को भी भेजी जा रही है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

    अरविंद ने कहा था कि अगर वह उसके पास वापस नहीं आई तो उसे जान से मार देगा। नंदिनी ने आरोप लगाया था कि अरविंद उनके सहयोग करने वाले परिवारजनों को भी परेशान कर रहा है। सोशल मीडिया पर किसी भी पुरुष के साथ उनकी फोटो देखकर अश्लील टिप्पणियां करता है। नंदिनी ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की थी।

     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here