बजट में संभाग का दर्जा, पेट्रोल-डीजल व गैस राहत और एयरपोर्ट प्रावधान न होने पर सरकार से जवाबदेही की मांग
अलवर। राजस्थान सरकार के हालिया बजट को लेकर अलवर जिले में असंतोष के स्वर उठने लगे हैं। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक हिमांशु शर्मा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बार भी अलवर जिले की उपेक्षा की गई है और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है।
हिमांशु शर्मा ने कहा कि लंबे समय से अलवर को संभाग का दर्जा दिए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन बजट में इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की गई। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल पर वैट में कमी और गैस सिलेंडर पर सब्सिडी बढ़ाने जैसी आमजन से जुड़ी राहतों का भी अभाव रहा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और जयपुर के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित होने के बावजूद अलवर में एयरपोर्ट के लिए न तो बजट प्रावधान किया गया और न ही जमीन की व्यवस्था का कोई उल्लेख किया गया। इससे जिले के औद्योगिक, पर्यटन और व्यापारिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
शर्मा ने आरोप लगाया कि इस बजट में न तो अलवर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना है और न ही आमजन के हितों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने इसे अलवर जिले के साथ पूर्ण रूप से भेदभाव करार देते हुए सरकार से जिले के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


