बजट में किसान, युवा और महिलाओं के हितों पर फोकस, सिंचाई, रोजगार, हरित राजस्थान व पर्यावरण संरक्षण को मिली प्राथमिकता
जयपुर। राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत राज्य बजट को प्रदेश के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला और आमजन—की उन्नति एवं समग्र विकास के लिए समर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के चहुंमुखी विकास को गति देने वाला और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि बजट में आधारभूत संरचना, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल आपूर्ति, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा तथा स्वरोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन प्रावधानों से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को समान रूप से लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सिंचाई योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी ऐतिहासिक घोषणाएं किसानों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होंगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। इससे किसानों का भविष्य सुरक्षित होने के साथ कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
वन एवं पर्यावरण मंत्री ने ‘हरित राजस्थान’ और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बजट में किए गए विशेष प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत इस वर्ष 10 करोड़ पौधारोपण और वन्य जीव संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होंगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाला है, जिससे प्रदेश में नए अवसर सृजित होंगे। ‘आपनो अग्रणी राजस्थान’ के विजन को साकार करने की दिशा में यह बजट ऐतिहासिक कदम है।
अंत में मंत्री संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक बनेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


