जेल में दो जुराबों से 3 मोबाइल, तंबाकू के 32 पाउच और बीड़ी के 25 बंडल बरामद; कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
अलवर। जिले के केंद्रीय कारागृह में प्रतिबंधित सामग्री मिलने का एक और मामला सामने आया है। जेल की मुख्य दीवार के पास पड़ी काले रंग की दो जुराबों की तलाशी लेने पर उनमें मोबाइल फोन, तंबाकू, बीड़ी और डाटा केबल बरामद हुईं। जेल प्रशासन ने सामग्री जब्त कर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर जेल प्रशासन ने कराई तलाशी
शिकायत के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे जेल की काठ की गुमटी पर तैनात कांस्टेबल हंसराज ने वॉकी-टॉकी के जरिए अधिकारियों को सूचना दी कि जेल की मुख्य दीवार के पास दो अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध वस्तु फेंककर गए हैं। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाशी करवाई।
तलाशी के दौरान वार्ड संख्या 8 और 9 की मुख्य दीवार के पास दक्षिण दिशा में काले रंग की दो जुराबें पड़ी मिलीं। जेल अधिकारियों की मौजूदगी में जुराबों को खोलकर जांच की गई तो उनमें प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई।
तीन मोबाइल और तंबाकू-बीड़ी के पैकेट मिले
पुलिस के अनुसार, जुराबों से कुबेर तंबाकू के 32 पाउच, 502 पताका बीड़ी के 25 बंडल, एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल और दो सफेद डाटा केबल बरामद हुईं।
जेल प्रशासन ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई और बरामद सामग्री को दो अलग-अलग पैकेटों में रखकर सील किया। इसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत देकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
एएसआई रघुवीर सिंह यादव को सौंपी जांच
कोतवाली थाना अधिकारी दिनेश मीणा ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच एएसआई रघुवीर सिंह यादव को सौंपी गई है।
थाना अधिकारी के अनुसार, इससे पहले भी जेल में प्रतिबंधित सामग्री मिलने के मामलों में कोतवाली थाने में शिकायतें दर्ज हुई हैं और उन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई थी। फिलहाल पुलिस ताजा मामले में जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


