अलवर : हत्या संबंधी कानून हटाने की मांग, अहिंसा सर्किल पर होगा शांतिपूर्ण धरना
अलवर। वन्यप्राणी नीलगायों की प्राण रक्षा के लिए जैन समाज ने बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है। नीलगायों की हत्या से जुड़े कानूनों को समाप्त करने की मांग को लेकर 26 मार्च (गुरुवार) को विशाल सामूहिक धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
यह निर्णय मंगलवार रात दिगंबर जैन महासमिति, अलवर संभाग की बैठक में लिया गया। बैठक का आयोजन श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में संभाग अध्यक्ष कुलदीप बडजात्या की अध्यक्षता में हुआ। महासमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एन.के. जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि धरना प्रदर्शन पूर्णतः शांतिपूर्ण होगा।
उन्होंने बताया कि यह धरना अहिंसा सर्किल (मन्नी का बड़) पर सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी भाग लेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के संत-महात्माओं, साधु-संतों, मुनियों, साध्वियों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा लगातार आवाज उठाने, ज्ञापन देने और आंदोलन करने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसके चलते नीलगायों की निर्मम हत्याएं जारी हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में सुरेश चंद जैन बडतलिया, सुनील बैनाड़ा, कुलदीप कुमार जैन, संजय जैन (पंचवटी), सरला जैन, रूचि जैन, विजय जैन, अभय जैन, अतुल भौच, पीके जैन, मुकेश जैन (बैग वाले), राकेश भौच, मनोज भौच, प्रदीप जैन (धामपुर), पारस जैन सहित करीब 30 लोग उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

