जिला कलक्टर ने कहा—जनभागीदारी से जल संरचना निर्माण में लाएं गति
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त विकास अधिकारियों की बैठक लेकर जल संचय जन भागीदारी अभियान एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि अलवर जिला डार्क जोन में आता है, ऐसे में जल संचय और संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 100-100 वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाए जाएं।
उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ब्लॉकों में इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए फील्ड विजिट और कोर टीम बनाकर प्रतिदिन समीक्षा की जाए, ताकि 30 अप्रैल तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जा सके। साथ ही उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और संरचनाओं के रख-रखाव में भी जन सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक जिले में जनभागीदारी से 14,662 जल संरक्षण संरचनाएं तैयार की जा चुकी हैं। इनमें कठूमर में 3648, मालाखेड़ा में 1808 और रामगढ़ में 1795 कार्य पूर्ण किए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व वर्षा जल की एक-एक बूंद को सहेजना आवश्यक है। इसके लिए पुराने जल स्रोतों की सफाई, मरम्मत और रख-रखाव का कार्य जन सहभागिता से किया जाए। साथ ही अप्रैल माह के अंत में सुधार किए गए जल स्रोतों पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि नर्सरियों में तैयार किए जा रहे पौधों का उचित रख-रखाव किया जाए और नए पौधे भी तैयार किए जाएं, ताकि वर्षा ऋतु में पौधारोपण के लिए पर्याप्त पौधे उपलब्ध हो सकें।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवींद्र, वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र मोथू, नरेगा के अधिशासी अभियंता नरेंद्र लाखीवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकास अधिकारी भी जुड़े रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


