विधायक रमेश खींची ने पूजा-अर्चना कर सौंपे ट्रैक्टर, 12,300 महिलाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ
मिशनसच न्यूज, कठूमर। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कस्टम हायरिंग सेंटर द्वारा राजीविका के स्वयं सहायता समूहों को दो ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का आयोजन विधायक रमेश खींची के मुख्य आतिथ्य में किया गया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद स्वयं सहायता समूहों को ट्रैक्टर सौंपे गए। इस पहल से कृषि कार्य को और अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी नई मजबूती मिली है।
विधायक रमेश खींची ने स्वयं सहायता समूह रानी लक्ष्मी बाई महिला सर्वांगिन विकास समिति कठूमर और ज्योति महिला सर्वांगिन विकास समिति खेरली को ट्रैक्टर सौंपे। इससे कठूमर और खेरली क्षेत्र की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक और नया आयाम जुड़ गया है।
राजीविका ब्लॉक इंचार्ज प्रियंका ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी और उनकी आय में भी वृद्धि होगी। ट्रैक्टरों के माध्यम से महिलाएं अब खेती से जुड़े कार्यों को स्वयं संचालित कर सकेंगी, जिससे उनकी आजीविका के नए अवसर खुलेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश खींची ने कहा कि राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि कठूमर ब्लॉक में 1160 स्वयं सहायता समूहों से लगभग 12,300 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जिन्हें इन ट्रैक्टरों के माध्यम से प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और समूह आधारित कार्यों के लाभों पर प्रकाश डालते हुए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनें और स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवार की आय बढ़ाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राजीविका जैसी योजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी शिवराम मीणा, पूर्व चेयरमैन शेर सिंह मीणा, गोपेश भारद्वाज, मुरारी नाटोज, अजित गुर्जर, राजीविका ब्लॉक इंचार्ज प्रियंका, परियोजना सहायक कमलेश कुमार, मग्ना कुमारी, प्रति कुमारी, अजीत सिंह सहित अन्य पंच, सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में राजीविका की बहनें उपस्थित रहीं। उद्घाटन कार्यक्रम में राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस पहल को सफल बनाया।
इस आयोजन से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी भी और अधिक मजबूत होगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


