More
    Homeराजस्थानअलवरजैविक खेती में उत्कृष्ट किसानों को मिलेगा सम्मान

    जैविक खेती में उत्कृष्ट किसानों को मिलेगा सम्मान

    राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 10 जून तक आवेदन, चयनित किसानों को मिलेंगे 1 लाख रुपये

    अलवर। जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए जैविक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों का चयन कर उन्हें राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इच्छुक किसान 10 जून तक आवेदन कर इस सम्मान के लिए अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

    कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक कृषक को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करना तथा अन्य कृषकों को भी इस दिशा में प्रेरित करना है।

    इन कार्यों को मिलेगा चयन में महत्व

    संयुक्त निदेशक ने बताया कि ऐसे किसानों का चयन किया जाएगा जो जैविक खेती आधारित गतिविधियों को अपनाकर गुणवत्तायुक्त उत्पादन कर रहे हैं। इसके साथ ही जैविक उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, जैविक उर्वरक एवं जैव कीटनाशकों का स्वयं निर्माण और उपयोग करने वाले किसानों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

    चयन प्रक्रिया में उन किसानों को विशेष महत्व मिलेगा जिनके खेतों में वर्मी कम्पोस्ट इकाई या कम्पोस्ट पिट स्थापित हैं तथा जो फसल चक्र और हरी खाद जैसी टिकाऊ कृषि पद्धतियों का उपयोग करते हैं। जैविक खेती से संबंधित नवाचार करने वाले किसानों को भी वरीयता प्रदान की जाएगी।

    जैविक प्रमाणीकरण वाले किसानों को प्राथमिकता

    विभाग के अनुसार किसान किसी राजकीय या निजी जैविक प्रमाणीकरण संस्था से पंजीकृत होना चाहिए। साथ ही वह जैविक खेती से जुड़ा हो तथा पिछले पांच वर्षों से कृषि या उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहा हो।

    कम से कम पिछले दो वर्षों से लगातार जैविक प्रमाणीकरण करवाने वाले किसानों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। इससे प्रमाणित जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा और गुणवत्तायुक्त उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा।

    पूर्व में सम्मानित किसान नहीं होंगे पात्र

    संयुक्त निदेशक ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों का पूर्व में इस योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयन हो चुका है, उनके आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मान्य नहीं होंगे।

    योजना से संबंधित आवेदन प्राप्त करने या किसी भी प्रकार की जानकारी एवं शंका समाधान के लिए किसान संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद अलवर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here