जयपुर। केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने के बाद अब राजस्थान सरकार भी राज्य कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि दिवाली से पहले ही राज्य कर्मचारियों को डीए बढ़ोतरी का तोहफा मिल जाएगा। इस बार राजस्थान में तीन प्रतिशत डीए बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा।
केंद्र के समान 63 प्रतिशत होगा डीए
राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों से राज्य कर्मचारियों का डीए केंद्र सरकार की तर्ज पर ही बढ़ाया जाता रहा है। केंद्र सरकार द्वारा तीन प्रतिशत डीए बढ़ोतरी की घोषणा के बाद वहाँ कुल महंगाई भत्ता 63 प्रतिशत हो गया है। राजस्थान में वर्तमान में 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा है। अब राज्य में भी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी होने के बाद कर्मचारियों का डीए बढ़कर 63 प्रतिशत पर पहुँच जाएगा।
दिसंबर की सैलरी से मिलेगा नकद लाभ
यदि राज्य सरकार अगले एक-दो दिनों में डीए बढ़ोतरी की घोषणा कर भी देती है, तो भी नवंबर माह में मिलने वाली सैलरी में बढ़ा हुआ नकद डीए नहीं आएगा। कर्मचारियों को इसका नकद लाभ दिसंबर माह में आने वाले वेतन से ही मिल सकेगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीनों का बढ़ा हुआ एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ (GPF) खाते में जमा किया जाएगा।
साल में दो बार बढ़ता है डीए
सरकारी कर्मचारियों का डीए साल में दो बार जनवरी और जुलाई के आधार पर बढ़ाया जाता है। सामान्यतः सरकारें इसकी घोषणा मार्च और अक्टूबर-नवंबर में करती आई हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में जहाँ राज्य में डीए 42 प्रतिशत था, वहीं चरणबद्ध बढ़ोतरी के बाद वर्तमान में यह 60 प्रतिशत तक पहुँच चुका है। अब तीन प्रतिशत की नई बढ़ोतरी से यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा।


