मिशन सच डॉट कॉम और ‘बियोंड द स्टेथोस्कोप’ का लोकार्पण समारोह संपन्न

अलवर। डिजिटल युग में पत्रकारिता के क्षेत्र में डिजिटल मीडिया की भूमिका और प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। यह बात प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने रविवार को कटीघाटी स्थित आर. जी. बिल्खा होटल में आयोजित समारोह में कही। यह अवसर था मिशन सच नेटवर्क की ओर से संचालित न्यूज वेबसाइट “मिशन सच डॉट कॉम” और यूट्यूब चैनल के लोकार्पण तथा चिकित्सकों के जीवन संघर्ष पर आधारित प्रेरणादायक पुस्तक ‘बियोंड द स्टेथोस्कोप’ के विमोचन का।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज पत्रकारिता का एक शक्तिशाली माध्यम बनकर उभरा है, जो प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की सीमाओं से आगे बढ़कर आमजन तक तेजी से पहुंच बना रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिशन सच डॉट कॉम और उसका यूट्यूब चैनल डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक नई दिशा देंगे और निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल पेश करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल अलवर के डीन डॉ. असीम दास एवं शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक कार्यकरने वाले रमेश चंद जैन भी मौजूद रहे।
समारोह में अलवर के वरिष्ठ चिकित्सकों को उनके सेवा कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। लोकार्पण अवसर पर मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों ने एक साथ बटन दबाकर मिशन सच डॉट कॉम वेबसाइट और यूट्यूब चैनल का शुभारंभ किया और उसके साथ ही पुस्तक ‘बियोंड द स्टेथोस्कोप’ का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि संजय शर्मा ने कहा कि वर्तमान में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व केवल सरकार की सराहना करना नहीं है, बल्कि कमियों को उजागर कर उन्हें सुधार की दिशा में ले जाना भी है। उन्होंने कोरोना काल में चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा को याद करते हुए उन्हें ईश्वर तुल्य बताया और पुस्तक की सराहना की।
पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव ने कहा कि मिशन सच की यह पहल पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के संघर्ष और समर्पण को उजागर करती यह पुस्तक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों के आने से अलवर चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
डॉ. असीम दास ने कहा कि चिकित्सकों के लिए विनम्रता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि मिशन सच नेटवर्क जैसी पहलें डिजिटल मीडिया को मजबूती प्रदान करेंगी।
इससे पहले मिशन सच नेटवर्क की ओर से वरिष्ठ पत्रकार राजेश रवि ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नेटवर्क की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मिशन सच डॉट कॉम न केवल निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देगा, बल्कि भविष्य में अंग्रेजी पत्रकारिता और ई-पेपर की शुरुआत भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि बियोंड द स्टेथोस्कोप पुस्तक का उद्देश्य चिकित्सकों के संघर्ष और सेवा कार्यों को समाज के सामने लाना है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत मिशन सच टीम के वरिष्ठ पत्रकार विजय यादव, प्रेम पाठक, साहिल जैन, सुनीत शर्मा और शोएब खान द्वारा गुलदस्ते भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का सुंदर संचालन शिक्षाविद प्रदीप पंचोली ने किया।
यह आयोजन न केवल डिजिटल मीडिया की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक रहा, बल्कि समाज सेवा, चिकित्सा और निष्पक्ष पत्रकारिता के संगम की एक प्रेरक मिसाल भी बन गया।


