विधानसभा में खेल मंत्री ने दी जानकारी, खेल स्टेडियम निर्माण भूमि व बजट पर निर्भर
मिशनसच न्यूज, जयपुर। युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को विधानसभा में जानकारी दी कि नवगठित जिला कोटपूतली-बहरोड़ में 1 फरवरी 2025 से जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। यह केंद्र वर्तमान में महात्मा गांधी विद्यालय, बहरोड़ परिसर में संचालित हो रहा है।
मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य डॉ. जसवंत सिंह द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। स्टेडियम निर्माण के लिए नियमानुसार भूमि की उपलब्धता और बजट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के लिए भूमि आवंटन के संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला, तहसील एवं पंचायत स्तर पर खेल सुविधाओं के विकास हेतु उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाती है, जहां विधायक एवं सांसद कोटे से निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाती है।
मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि एल.बी.एस. राजकीय महाविद्यालय, कोटपूतली में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से केंद्र सरकार के माध्यम से इंडोर हॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल मैदान एवं एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया गया है। इस इंडोर हॉल में वर्तमान में कुश्ती और बैडमिंटन खेलों का संचालन हो रहा है, जहां कुश्ती के लिए 3 प्रशिक्षक और एथलेटिक्स के लिए 1 प्रशिक्षक की व्यवस्था की गई है।
विधायक डॉ. जसवंत सिंह के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि समन्वित स्टेडियम (आधारभूत खेल संरचनाएं) विकास कार्ययोजना-2015 के तहत जिला मुख्यालय पर स्टेडियम निर्माण के लिए तय मापदंड लागू हैं।
इन मापदंडों में 8.68 हेक्टेयर अनिवार्य भूमि, 400 मीटर एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस, खो-खो, कबड्डी मैदान, इंडोर स्टेडियम, दर्शक दीर्घा, जिम्नेजियम, सिंथेटिक कवर रूफ गैलरी (10 हजार दर्शक क्षमता)** एवं लाइट व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

