विधानसभा में महाविद्यालय को लेकर उप मुख्यमंत्री का आश्वासन, छात्र संख्या बढ़ने पर होगा विस्तार
मिशनसच न्यूज, जयपुर। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर में तीन नवीन महाविद्यालय खोले गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में यदि विद्यार्थियों की संख्या पर्याप्त होती है तो जहाजपुर के ग्राम लुहारी कलां में भी नया महाविद्यालय खोलने पर विचार किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य गोपीचन्द मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जहाजपुर में वर्तमान में संचालित राजकीय महाविद्यालय ग्राम लुहारी कलां से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
डॉ. बैरवा ने बताया कि वर्तमान में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल चार राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें राजकीय कन्या महाविद्यालय, जहाजपुर में 143 छात्राएं अध्ययनरत हैं, राजकीय महाविद्यालय, कोटड़ी (जहाजपुर) में 82 विद्यार्थी, राजकीय कृषि महाविद्यालय, पीपलूंद (जहाजपुर) में 7 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।
विधायक गोपीचन्द मीणा के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर स्वयं के नवनिर्मित भवन में संचालित हो रहा है, जबकि राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर एवं राजकीय महाविद्यालय कोटड़ी के भवन निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं।
डॉ. बैरवा ने सदन को अवगत कराया कि जिन राजकीय महाविद्यालयों में चारदीवारी नहीं है, वहां चारदीवारी का निर्माण संसाधनों की उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर किया जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में ग्राम पारोली में राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा ग्राम लुहारी कलां में राजकीय महाविद्यालय खोलने का कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

