More
    Homeराजस्थानभीलवाड़ाभीलवाड़ा में श्री बाबाधाम पर महाशिवरात्रि महोत्सव, 1008 किलो दूध से सहस्त्रधारा...

    भीलवाड़ा में श्री बाबाधाम पर महाशिवरात्रि महोत्सव, 1008 किलो दूध से सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक

    ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव का विशेष श्रृंगार, चार प्रहर की पूजा और भव्य महाआरती

    भीलवाड़ा। श्री बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में श्री बाबाधाम मंदिर पर महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर में स्थापित ऋण मुक्तेश्वर गौरीशंकर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया और पूरे परिसर को रंग-बिरंगी झिलमिल लाइटों व फल-फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया।

    मंदिर में स्थापित गौरीशंकर शिवलिंग की विशेष महिमा बताई जाती है। श्रद्धालुओं के अनुसार इस शिवलिंग में माता गौरी लाल रंग में और भगवान शिव हरे रंग में एक ही स्वरूप में विराजमान हैं। बताया जाता है कि यह शिवलिंग हरिद्वार के ब्रह्मकुंड से प्राप्त हुआ था और वर्तमान में श्री बाबाधाम में स्थापित है।

    यहां प्रत्येक गुरुवार को भक्तों द्वारा चने की दाल अर्पित की जाती है। मान्यता है कि इससे पितृऋण, मातृऋण, सखाऋण और नकद ऋण से मुक्ति मिलती है। मंदिर की ओर से चने की दाल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

    महाशिवरात्रि पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव और ऊँ नमः शिवाय के जयकारों के बीच जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और हवन-पूजन किया गया। भगवान शिव का अभिषेक सुगंधित इत्र, जल, दूध, पंचामृत, गन्ने के रस और फलों के रस से किया गया। बिल्व पत्र, आक के फूल और धतूरा अर्पित किए गए।

    मंदिर के पुजारी गौतम गोविंद एवं अन्य पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक व हवन संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि पर चार प्रहर की पूजा की परंपरा निभाई गई—पहले प्रहर में पंचामृत व दूध से, दूसरे में गन्ने के रस से, तीसरे में फलों के रस से और चौथे प्रहर में पंचामृत सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक किया गया। सायंकाल 4:15 बजे से 1008 किलो दूध से सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक प्रारंभ हुआ, जो शाम 7:15 बजे तक चला। हजारों भक्तों ने “ओम भोलेनाथ”, “ऊँ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रद्धा भाव से अभिषेक किया। दूध की व्यवस्था मंदिर परिसर में निःशुल्क की गई थी।

    सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक के पश्चात विशेष सज्जा के साथ महाआरती हुई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को ठंडाई प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में आए भक्तों के बावजूद दर्शन और पूजा की व्यवस्था सुव्यवस्थित रही। इस महाशिवरात्रि महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया और पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here