सीकर जिले के रिंगस क्षेत्र में अतिवृष्टि से फसल खराबा। मंत्री संजय शर्मा ने खेतों का दौरा कर किसानों से संवाद किया। गिरदावरी शीघ्र कराकर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
मिशनसच न्यूज, सीकर।
जिले के रिंगस क्षेत्र में लगातार बारिश से हुई अतिवृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसी स्थिति का जायजा लेने रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री संजय शर्मा पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर फसल खराबे का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद किया।
मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसानों की समस्या को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं और उनके निर्देश पर सभी मंत्री फील्ड में जाकर नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि गिरदावरी शीघ्र कराकर रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंत्री संजय शर्मा मछावाली गांव भी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान एक वृद्ध महिला से भी मिले , मंत्री ने हालचाल पूछा। महिला की सुनने की समस्या पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा – “कम सुनता है आपको, जयपुर आ जाओ बड़े अस्पताल में दिखवाऊंगा।” उनकी यह संवेदनशीलता देखकर ग्रामीण भावुक हो गए।
किसानों ने प्रभारी मंत्री के समक्ष अतिवृष्टि से हुई फसल खराबे की समस्याएं रखीं और उचित मुआवजे की मांग की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों को हर संभव मदद करेगी।


