विशाल तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयघोष, ABVP ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का किया आह्वान
अलवर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) अलवर की ओर से 151 फीट विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से यात्रा मार्ग गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा शहीद स्मारक से शुरू होकर नगली सर्किल, SMD सर्किल एवं RR सर्किल होते हुए राजर्षि महाविद्यालय पहुंची। यहां स्थित विवेकानंद स्मारक पर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लिए और देशभक्ति के नारों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
युवाओं ने उठाया राष्ट्र की एकता और संस्कृति बचाने का संकल्प
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विभाग संयोजक नारायण भारत ने कहा कि देश स्वतंत्रता का 80वां वर्ष मना रहा है। भारत ने हजारों वर्षों में विभिन्न आक्रांताओं का सामना किया, लेकिन अपनी संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय अस्तित्व को आज तक संजोकर रखा है।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने संघर्ष किया और अपना बलिदान दिया। उन्हीं के त्याग और संघर्ष के परिणामस्वरूप देश को आजादी मिली। आज युवाओं का दायित्व है कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आएं।
नारायण भारत ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
विशिष्ट अतिथि सौरभ पंडित ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा यदि सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में आगे आएं तो देश को नई दिशा मिल सकती है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से समाज और राष्ट्र के विकास के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
चुनौतियों के बीच राष्ट्रहित में काम करते रहेंगे
जिला संयोजक विजय यादव ने कहा कि संगठन राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा हुआ है और यह एक ईश्वरीय कार्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के मार्ग में अनेक चुनौतियां आएंगी, लेकिन कार्यकर्ता बुलंद हुंकार के साथ हर चुनौती का सामना करेंगे और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस अत्री ने यात्रा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में विभाग छात्रा प्रमुख संजू गुर्जर, जिला छात्रा प्रमुख प्रतीक्षा, सपना, शुभम सोनी, गौरव राणा, पुनीत, बलवंत वर्मा, ध्रुव सैनी, शिव जाट, राहुल मीणा, यतेंद्र, गजेंद्र सैनी, गौरव शर्मा, दुष्यंत त्यागी, मुकेश मीणा, मनीष चौधरी, विनय साहू, अनीस मीणा, अजय गुर्जर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
151 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने अलवर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल बना दिया। यात्रा के दौरान युवाओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने का संदेश दिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


