More
    Homeराजस्थानजयपुरगायत्री नगर में 48 दिवसीय भक्तामर पाठ के 9 वर्ष पूर्ण, भव्य...

    गायत्री नगर में 48 दिवसीय भक्तामर पाठ के 9 वर्ष पूर्ण, भव्य विधान के साथ हुआ समापन

    भक्तामर विधान में दीप और अर्घ्य समर्पण के साथ श्रद्धालुओं ने किया पुण्यार्जन, मंदिर समिति ने विधानाचार्य का किया सम्मान

    जयपुर। गायत्री नगर, महारानी फार्म स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले 48 दिवसीय भक्तामर पाठ के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भव्य भक्तामर विधान एवं समापन समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष 48 दिवसीय पाठ का आयोजन 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन भक्ति भाव और उत्साह के साथ किया गया।

    48 दिवसीय भक्तामर पाठ के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से भव्य भक्तामर विधान का आयोजन हुआ। विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ विधान पूजा, दीप अर्चना और अर्घ्य समर्पण किया।

    विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री का किया सम्मान

    कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, संतोष गंगवाल, राकेश पाटोदी सहित समिति सदस्यों ने विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री का सम्मान किया।

    अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि पं. अजित शास्त्री ने भक्तामर स्तोत्र की रचना से जुड़े प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि आचार्य मांगतुंग ने एक-एक श्लोक की रचना करते हुए जिनेंद्र देव की भक्ति की और भक्तामर स्तोत्र के प्रभाव से एक-एक कर जेल के ताले खुलते गए। उन्होंने बताया कि अंततः आचार्य के चरणों में राजा नतमस्तक हुआ और उन्हें बंधन से मुक्त किया गया।

    इसके बाद ऋद्धि मंत्रों के उच्चारण के साथ अर्घ्य एवं दीप अर्चना कराई गई। समारोह में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना कर पुण्यार्जन किया।

    पुण्यार्जक परिवारों ने स्थापित किए कलश

    कार्यक्रम संयोजक अनीता बड़जात्या ने बताया कि भक्तामर विधान मंडल पर पुण्यार्जक परिवारों की ओर से कलश स्थापित कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इनमें लता सोगानी, विमला पापड़ीवाल, राजेश-चैताली वोहरा, सरोज बड़जात्या तथा अनिल-प्रतिभा जैन सहित पुण्यार्जक परिवार शामिल रहे।

    संयोजिका श्रीमती विमला जैन, डॉ. अनीता वैद एवं ज्योति जैन ने बताया कि आयोजन में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह एवं उनकी टीम के साथ संपूर्ण जैन समाज का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन के साथ 5 दिन, 10-11 दिन, 17 दिन, 30 दिन और 48 दिन के पुण्यार्जक परिवारों ने सहभागी बनकर पुण्यार्जन प्राप्त किया।

    भक्ति और उत्साह के साथ हुआ समापन

    समारोह में उदयभान जैन, आलोक चौकडायत, सुबोध लुहाडिया, राकेश पाटोड़ी, पारस जैन, पुष्पेंद्र जैन, आलोक-प्रमिला शाह, राखी पाटनी, रश्मि तोतूका सहित समाज के गणमान्य लोग, महिला समूह, महिला मंडल की महिलाएं, पुरुष, बालक एवं बालिकाएं मौजूद रहे।

    स्वर कोकिला सुनंदा अजमेरा ने अपने मधुर कंठ से भक्तामर पाठ करवाया। 48 दिवसीय भक्तामर पाठ का प्रतिदिन संचालन अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या ने किया।

    समापन समारोह भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजकों ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों तथा मंदिर प्रबंध समिति का आभार व्यक्त किया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here