बद्रीनाथ, हरिद्वार और अयोध्या धाम से पधारीं संतों ने दिया अध्यात्म और सद्गुणों का संदेश, जयघोष से गूंजा आश्रम
अलवर। सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज के गुलाब बाग स्थित मानव उत्थान आश्रम में मानव उत्थान सेवा समिति अलवर के तत्वावधान में संत सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न तीर्थधामों से पधारीं संत महात्माओं का हजारों श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में बद्रीनाथ धाम से पधारीं महात्मा मुक्ताबाई, हरिद्वार से पधारीं महात्मा भूमिका बाईजी एवं अयोध्या धाम से पधारीं महात्मा विलक्षणा बाई जी का श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ स्वागत किया।
अध्यात्म से दूर होना अशांति का कारण
समिति के प्रेस संयोजक हरिओम गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता महात्मा मुक्ताबाई ने कहा कि वर्तमान समय में समाज और देश में अशांति एवं अराजकता का वातावरण दिखाई देता है। इसका प्रमुख कारण मानव का अध्यात्म से दूर होना है।
उन्होंने कहा कि अध्यात्म ज्ञान के प्रचार-प्रसार से समाज में नैतिक मूल्यों का उत्थान और मनुष्य में सद्गुणों का विकास होता है। संत और सद्गुरु मानव को सद्गृहस्थ से महामानव बनने की दिशा दिखाते हैं।
महात्मा मुक्ताबाई ने कहा कि संत मानव समाज को सद्भावना के सूत्र में पिरोकर समाज और राष्ट्र को एकता की भावना से मजबूत बनाना चाहते हैं। इसी मार्ग पर आगे बढ़कर भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं।
जयघोष से गूंज उठा आश्रम
संत सम्मेलन के दौरान आश्रम परिसर जयघोष के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने संत महात्माओं के प्रवचन सुने और उनके संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मोहनलाल खंडेलवाल, ललित बेनीवाल, दीपक खंडेलवाल, राजेश शर्मा, हनुमान मित्तल सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ संत सम्मेलन का समापन हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


