More
    Homeबिजनेसनवंबर में महंगा हो सकता है रसोई गैस सिलेंडर

    नवंबर में महंगा हो सकता है रसोई गैस सिलेंडर

    नई दिल्ली । दीवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है, जिसके चलते नवंबर में कीमतों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार एचपीसीएल को वर्तमान में प्रति घरेलू सिलेंडर लगभग 245 रुपये का भारी नुकसान हो रहा है, जो नवंबर तक बढ़कर 327 रुपये तक पहुंच सकता है। इस संभावित घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। घरेलू एलपीजी की कीमतों में आखिरी बदलाव जून में 29 रुपये की बढ़ोतरी के साथ हुआ था, जबकि वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतें इसी अक्टूबर में 62.50 रुपये बढ़ी थीं। हालांकि सोमवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव न होने से परिवारों को अस्थायी राहत मिली है। इसके बावजूद, होटलों और रेस्तरां जैसे व्यवसायों के लिए वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतें काफी ऊंची बनी हुई हैं। त्योहारों के दौरान रसोई गैस की खपत में भारी वृद्धि होती है, जिससे यह परिवारों और व्यवसायों दोनों के बजट का एक अहम हिस्सा बन जाता है। वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर 942 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक सिलेंडर 2,810 रुपये में मिल रहा है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन एचपीसीएल के बढ़ते घाटे को देखते हुए नवंबर में उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here