अलवर में आयोजित कथा के छठे दिवस परिवार, सत्य और भक्ति का महत्व बताया
अलवर। अपना घर शालीमार स्थित श्री राम मंदिर में चल रही शिव कथा के छठे दिवस 14 फरवरी को परम पूज्य डॉ. शिवम् साधक जी महाराज ने श्रद्धालुओं को जीवनोपयोगी संदेश देते हुए कहा कि यदि हमारे माता-पिता हमसे प्रसन्न नहीं हैं तो हम संसार के सबसे गरीब व्यक्ति हैं। वहीं संसार का सबसे अमीर व्यक्ति वही है, जिसके माता-पिता उससे प्रसन्न हैं।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि भाग्यशाली लोगों के घर पुत्र जन्म लेता है और सौभाग्यशाली लोगों के घर पुत्री जन्म लेती है। केवल पुत्र के जन्म पर ही नहीं, बल्कि पुत्री के जन्म पर भी उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि राजा हिमाचल के घर माता पार्वती के जन्म पर पूरा नगर आनंदित हुआ था।
डॉ. शिवम् साधक जी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही भक्ति मार्ग पर प्रेरित करना चाहिए। माता पार्वती ने बाल्यकाल से ही भगवान शंकर को प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया। इस संसार में सबसे बड़ा तप यदि कोई है तो वह सत्य का पालन है। प्रत्येक सनातनी को जीवन में सदैव सत्य बोलना चाहिए।
कथा के उपरांत भगवान शंकर एवं माता पार्वती के पावन मेहंदी उत्सव में श्रद्धालु झूम उठे। रात्रि सत्र में भगवान शिव के हिंडोला उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें वृंदावन से पधारे सुमधुर गायक मुकुल द्विवेदी जी के भजनों पर पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया।
साधक सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. एस. सी. मित्तल ने बताया कि ब्रह्मलीन परम पूज्य संत गुरुजी श्री शिवानन्द साधक जी महाराज की असीम अनुकम्पा एवं डॉ. शिवम् साधक जी महाराज के सानिध्य में शिव कृपा आनंद महोत्सव का आयोजन 8 फरवरी 2026 से प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक किया जा रहा है, जो 15 फरवरी 2026 तक चलेगा।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 108 विशेष रुद्राभिषेक किए जाएंगे। इसके पश्चात भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी तथा एक कन्या का विवाह भी संपन्न कराया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कथा, रुद्राभिषेक एवं विवाह समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिव कृपा प्राप्त करने का आग्रह किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


