ग्रामीण सेवा शिविर में रिकॉर्ड सुधार, अब योजनाओं का लाभ लेने में नहीं होगी परेशानी
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन को उनके गांव में ही त्वरित राहत प्रदान करने का माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में कठूमर उपखंड की ग्राम पंचायत रोनीजाथान के राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम साहडी निवासी नाहर सिंह की वर्षों पुरानी राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
नाहर सिंह ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में नाम संबंधी त्रुटि होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया था।
ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचे और अपनी परिवेदना अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की। शिविर प्रभारी एवं राजस्व अधिकारियों ने दस्तावेजों का परीक्षण कर रिकॉर्ड का सत्यापन किया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके पर ही राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटि को सुधार दिया।
अब योजनाओं का लाभ लेने में नहीं होगी परेशानी
रिकॉर्ड में सुधार होने के बाद नाहर सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें भूमि संबंधी कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों की व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
शिविरों से गांव स्तर पर मिल रहा त्वरित समाधान
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण-पत्र, भूमि संबंधी मामलों सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


