More
    Homeराजस्थानजयपुरसुमेरपुर के तख्तगढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा बहुउदेशीय पशु...

    सुमेरपुर के तख्तगढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय -पशुपालन मंत्री

    जयपुर। पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तख्तगढ़ कस्बे में रविवार को पशुपालकों को एक बड़ी सौगात मिली। पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने तख्तगढ़ में राजकीय बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय के नए भवन निर्माण कार्य का विधि-विधान से शिलान्यास किया। इस आधुनिक चिकित्सालय भवन का निर्माण डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से करवाया जाएगा। 

    नया भवन बनने तक पशु चिकित्सालय के अस्थाई कार्यालय को हनुमान गली, गौगरा रोड स्थित सामुदायिक भवन में शिफ्ट किया गया है, ताकि पशुओं के उपचार की सेवाएं बाधित न हों। इस नए बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय में पशुओं के लिए आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, इनडोर व आउटडोर वार्ड, सोनोग्राफी व एक्स-रे जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं और दवाइयों के लिए उचित भंडारण की व्यवस्था उपलब्ध होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भाजपाइयों और ग्रामीणों ने मंत्री कुमावत का साफा व माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

    शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा- हमारी सरकार राजस्थान के ग्रामीण अंचलों की अर्थव्यवस्था की रीढ़, यानी हमारे पशुपालकों और किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजस्थान देश का दूसरा सबसे बड़ा पशुधन वाला राज्य है, और हमारे ग्रामीण परिवारों की आजीविका सीधे तौर पर गोवंश और अन्य पशुधन से जुड़ी है। तख्तगढ़ में बनने वाला यह डेढ़ करोड़ का बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय इस पूरे क्षेत्र के मूक पशुओं के लिए संजीवनी साबित होगा और पशुपालकों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

    कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमने सुमेरपुर, बाली और तख्तगढ़ के पशु चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए की विशेष मंजूरी दिलवाई थी, जिसके तहत आज तख्तगढ़ में इस भवन निर्माण का कार्य शुरू हो रहा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पशु चिकित्सालय और उप-केंद्रों की सुदृढ़ व्यवस्था हो, ताकि हर बीमार पशु को समय पर और आधुनिक इलाज मिल सके।

     

    इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण व पशुपालक उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here