More
    Homeराजस्थानकोटापरिवार के इकलौते बेटे की कोटा में हत्या, जांघ में चाकू लगने...

    परिवार के इकलौते बेटे की कोटा में हत्या, जांघ में चाकू लगने से हुआ गंभीर रक्तस्राव

    कोटा। अनंतपुरा थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल नगर में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 18 वर्षीय बीटेक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने अपने दोस्तों से मिलने आए युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई।

    पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने की हत्या

    मृतक की पहचान तलवंडी निवासी भुवनेश नागर (पुत्र संजय) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कोटा के एक निजी संस्थान से बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। अनंतपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल के अनुसार, सोमवार रात जब भुवनेश पंडित दीनदयाल नगर में अपने दोस्तों से मिलने गया था, तभी आरोपी दीपक और उसके चार अन्य साथी दो बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसे घेरकर पहले मारपीट की और जब वह जान बचाकर भागने लगा, तब उस पर चाकू से वार कर दिया। चाकू उसकी जांघ में लगने से अत्यधिक खून बह गया, जिसके बाद उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    मार्च महीने की पुरानी घटना से जुड़ा है विवाद

    पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी। इसी साल मार्च 2026 में मृतक भुवनेश ने अनंतपुरा थाना क्षेत्र में आरोपी दीपक पर चाकू से हमला किया था, जिसके चलते उसके खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज हुआ था। उस समय नाबालिग होने के कारण उसे बाल न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया था। सुधार गृह से बाहर आने के बाद अब वह 18 वर्ष का हो चुका था। आरोपी दीपक और उसके साथी गोबरिया बावड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिन्हें भुवनेश के इलाके में आने की भनक लग गई थी।

    परिवार में मचा कोहराम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    घटना की सूचना मिलते ही अनंतपुरा थाना पुलिस और एफएसएल तथा एमओबी की टीमें मौके पर पहुंच गईं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता संजय ने बताया कि भुवनेश शीला चौधरी रोड पर अपनी दादी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था और उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here