More
    Homeराजस्थानअलवरकिशनगढ़बास में 6 दिसंबर को आएंगे भूपेंद्र यादव और झाबर सिंह खर्रा,

    किशनगढ़बास में 6 दिसंबर को आएंगे भूपेंद्र यादव और झाबर सिंह खर्रा,


    नवीन बस स्टैंड सहित 200 करोड़ के कार्यों का करेंगे शिलान्यास

    किशनगढ़ बास। अलवर सांसद एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा राजस्थान सरकार के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा 6 दिसंबर को किशनगढ़बास पहुंचेंगे। दोनों मंत्री यहां नवीन बस स्टैंड, महाराणा प्रताप नगर, पंडित दीनदयाल सद्भावना मंडप सहित करीब 200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

    दो साल पहले बनी थी बस स्टैंड और गड़रिया लुहारों के पुनर्वास की योजना

    किशनगढ़बास में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बस स्टैंड को स्थानांतरित करने और घुमंतू समाज गड़रिया–लुहारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने की योजना दो साल पहले प्रशिक्षु IAS घीरज सिंह ने तैयार की थी।
    भूरपहाड़ी चौक पर स्थित नगर पालिका की करोड़ों रुपये की बहुमूल्य भूमि पर अतिक्रमण था, जिसे घीरज सिंह ने महज तीन दिनों में खाली कराकर बस स्टैंड और महाराणा प्रताप नगर बसावट की नींव रखी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उनका तबादला न होता, तो बस स्टैंड उसी समय शिफ्ट हो जाता।

    शहर को जाम से मिलेगी राहत, लोगों को मिलेगी आजीविका

    बाईपास स्थित भूरपहाड़ी चौक पर प्रस्तावित नवीन बस स्टैंड शुरू होने से शहर के भीतरी भाग में लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही नए बस स्टैंड से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
    गड़रिया–लुहार समुदाय, जो वर्षों से तिरपाल और गाड़ियों में जीवन यापन कर रहा था, अब स्थायी बसावट की उम्मीद देख रहा है। नागरिकों का कहना है कि यह सब प्रशिक्षु IAS घीरज सिंह के प्रयासों से संभव हो पाया, जिन्होंने पहली बार भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।

    शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर

    नगर पालिका अधिकारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं राष्ट्रीय परिषद भाजपा सदस्य एवं पूर्व विधायक रामहेत यादव पार्टी कार्यकर्ताओं व व्यापारिक संगठनों से मुलाकात कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।

    इस बीच स्थानीय जनता की यह भी मांग है कि किशनगढ़ बास से कोटकासिम तथा खैरथल के लिए रोडवेज की शटल बस सेवा शुरू की जाए, क्योंकि इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। लोग सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

    सद्भावना मंडप बनेगा ‘पंडित दीनदयाल भवन’

    अलवर रोड हाईवे पर बंबोरा हनुमान मंदिर से आगे अरावली की ओट में लगभग 3 करोड़ की लागत से बने दो मंजिला सद्भावना मंडप के दिन भी 6 दिसंबर से बदलने जा रहे हैं।
    केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव इसका लोकार्पण करेंगे। भवन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल भवन रखने की तैयारी है। यह भवन मिनी सचिवालय की तर्ज पर बनाया गया है और पूरी तरह रंग-रोगन कर तैयार कर दिया गया है। केवल मुख्य सड़क से भवन तक मार्ग निर्माण शेष है।

    7 वर्ष पूर्व भाजपा सरकार के समय बने इस भवन की उपयोगिता पर हाल ही में जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर व अधिकारियों के साथ पूर्व विधायक रामहेत यादव द्वारा चर्चा की गई थी। भवन में बड़े मीटिंग हॉल व अलग-अलग कक्ष सचिवालय जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
    हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि भवन में सरकारी कार्यालय संचालित होंगे या फिर सामाजिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

    6 दिसंबर को इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास किशनगढ़बास के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here