More
    Homeराजस्थानअलवरपूर्व सांसद एवं समाजवादी शताब्दी पुरुष पं. रामकिशन का  किया अभिनंदन 

    पूर्व सांसद एवं समाजवादी शताब्दी पुरुष पं. रामकिशन का  किया अभिनंदन 

    सीकरी। अपने जीवन के सौ वर्ष पूर्ण करने तथा ईआरसीपी के पानी आन्दोलन की सफलता को लेकर समाजवादी शताब्दी पुरुष और भरतपुर के पूर्व सांसद पंड़ित रामकिशन का जिले की सीमा पर ग्राम खोहरी डायनाकाबास में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद नगर क्षेत्र के नागरिको ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर पानी आन्दोलन और किसान नेता इन्दल सिंह जाट एवं मोहन सिंह गुर्जर का भी अभिनन्दन किया गया।

    सम्मान समारोह में पूर्व सांसद पंड़ित रामकिशन ने लोगों से सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने और मेवात में आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मिलकर गलत कार्यो का विरोध नहीं करेंगे तब तक बुराई समाप्त नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों और परिवारजनों को गलत कार्य करने से रोकना चाहिए। पं. रामकिशन ने कहा कि कुछ नौजवानों की वजह से मेवात बदनाम हो रहा है और गलत काम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पूरा समाज गलत नहीं हो सकता। पुलिस और प्रशासन के लोगों को भी न्याय करना चाहिए, गलत लोगों को सजा देनी चाहिए लेकिन बेगुनाह और निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें बच्चों में अच्छे संस्कार डालने चाहिए और गलत रास्ते पर चलने से रोकना चाहिए। बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और सभी को अपनी लड़कियों को जरूर पढ़ाना चाहिए। पूर्व सांसद ने कहा कि सामाजिक बुराइयों और फिजूल खर्ची पर भी रोक लगाने की जरूरत है।
    उन्होंने कहा कि मैं अपने जीवन में हार मानने वाला नहीं हूं और न ही थकने वाला हूं, उन्होंने कहा कि मैं अभी बुडढ़ा नहीं हूं, बुडढ़े तो वे हैं जो जवान होकर भी निष्क्रिय होकर बैठे है। हमेशा जनता के भले के लिए मैं संघर्ष करता रहूंगा। पानी के सफल संघर्ष को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व सांसद पंडित रामकिशन, किसान नेता इन्दल सिंह जाट और मोहन सिंह गुर्जर का स्वागत किया। इस मौके पर किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने कहा कि अब तो ईआरसीपी- पीकेसी मंजूर हो गई है और केन्द्र और राज्य में सरकार भी भाजपा की है, अब तो इस योजना पर कार्य शुरु होना चाहिए। केन्द्र सरकार को बजट देना चाहिए तथा राज्य सरकार को भी प्रथम चरण में भरतपुर डीग, अलवर, दौसा जिलों में पानी पहुंचाना चाहिए। किसान नेता मोहना गुर्जर ने कहा कि शिक्षित और सभ्य समाज ही प्रगति करता है, आज किसान कर्ज तले दबा हुआ है और कर्जदार परिवार पिछड़ जाता है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से भाईचारे को और मजबूत करने की जरूरत बताई।
    किसान नेताओं ने कहा कि रुपारेल नदी, बाणगंगा नदी और गम्भीर सूखी पड़ी है, सभी बांध भी सूखे हैं। दोनों जिलों में पानी का संकट है, सरकार को जनता के लिए पेयजल और सिंचाई के लिए पानी का प्रबंध करना चाहिए।
    सम्मान समारोह को सरपंच खोहरी हबीबुल्लाह खान, जाकिर एडवोकेट, पूर्व सरपंच इलियास खान अतवी, रज्जाक पूर्व पंचायत समिति सदस्य, इलियास, फजरू वकील, दीनू बुर्जावास, आसू, सरदार इन्दर सिंह फूटाकी, सरदार रोशन सिंह नकचाबास, मौलवी इदरीस कुरकनियावास, रुजदार बुर्जावास आदि ने भी विचार प्रकट किए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here