More
    Homeराजस्थानअलवरसमीक्षा बैठक में शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, जिला कलक्टर ने...

    समीक्षा बैठक में शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, जिला कलक्टर ने दिए फील्ड निरीक्षण के निर्देश

    उपखंड अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में नागरिक सुविधाओं की शिकायतों पर चर्चा, तीन दिन में सभी वार्डों का निरीक्षण करने के निर्देश

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपखंड अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, एमजेएमएस पोर्टल तथा राज उन्नति से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    बैठक में उपखंड अधिकारी कठूमर, राजगढ़, थानागाजी, रैणी और लक्ष्मणगढ़ को विशेष रूप से लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने के लिए कहा गया। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अधिकारी प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करें और परिवादियों से सीधे संपर्क कर उन्हें समाधान की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।

    डॉ. आर्तिका शुक्ला ने उपखंड अधिकारियों को आगामी तीन दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों के सभी शहरी वार्डों का फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति का आकलन किया जाए और जहां कहीं भी गड्ढे पाए जाएं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए।

    बैठक के दौरान एमजेएमएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का सात दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के पहले चरण में लंबित रहे मामलों का निपटारा 10 अगस्त तक करने के लिए कहा गया।

    जिला कलक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, फॉगिंग और एंटी लार्वा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सौर संयंत्र स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में महात्मा गांधी जन भागीदारी योजना, मुख्यमंत्री जिला नवाचार कोष योजना और प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत नए विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजने और स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा की गई।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम योगेश डागुर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अंबालाल मीणा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, एडीपीएस सुरेंद्र कुमार शर्मा, जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता जे.पी. बैरवा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। वहीं, सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here