More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशदेवास शराब कांड में अमन कासलीवाल गिरफ्तार, केमिकल सप्लाई करने का लगा...

    देवास शराब कांड में अमन कासलीवाल गिरफ्तार, केमिकल सप्लाई करने का लगा आरोप

    देवास। चर्चित शराब कांड में देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदौर के केमिकल व्यापारी अमन कासलीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी प्रदेश कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजय राठौर और उसके सहयोगियों से पूछताछ के दौरान अमन कासलीवाल का नाम सामने आया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

    6000 रुपये में सप्लाई किया था घातक केमिकल

    पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अमन कासलीवाल ने बिना कोई बैकग्राउंड जांचे मात्र 6,000 रुपये के एवज में शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला अत्यंत घातक केमिकल 'मैक्स सॉल्वेंट' सप्लाई किया था। आरोपी ने यह खतरनाक रसायन किसी वैध व्यापारी या होलसेलर को न बेचकर एक बेरोजगार और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने इस लापरवाही और अपराध में संलिप्तता के लिए अमन को दुष्प्रेरण (अबेटमेंट) का आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है।

    AI की मदद से सीखी थी नकली शराब बनाने की विधि

    मामले की जांच में यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने नकली शराब तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया था। आरोपियों ने कबाड़ियों से खाली बोतलें खरीदकर इंदौर से मंगवाए गए केमिकल से शराब तैयार की। इस जहरीली शराब को ठेकों की लाइसेंसी शराब में मिलाकर चंदाना और बिंदाना गांवों में खपाया जाता था।

    कई लोगों की मौत के बाद प्रशासनिक फेरबदल

    इस जहरीली शराब के सेवन से कई ग्रामीणों की असमय जान चली गई थी, जिसके बाद शासन-प्रशासन हरकत में आया। मामले में पूर्व में भी 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, वहीं लापरवाही बरतने वाले कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को हटाया व स्थानांतरित किया जा चुका है। फिलहाल कोतवाली पुलिस गिरफ्तार व्यापारी से पूछताछ कर पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here