More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रबकरीद की पूर्व संध्या पर मुंबई में विवाद, BMC के फैसले से...

    बकरीद की पूर्व संध्या पर मुंबई में विवाद, BMC के फैसले से बढ़ा तनाव

    मुंबई: महाराष्ट्र में बकरीद के त्योहार से ठीक पहले कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिल रही है। इस बीच एक नया मामला मुंबई के गोरेगांव क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ गोरेगांव पूर्व में स्थित गोकुलधाम के सैटेलाइट गार्डन फेज-1 की आजाद नगर डी-3 इमारत के परिसर में कुर्बानी के लिए एक शेड बनाया गया था, जहाँ बकरे भी लाकर रखे गए थे। हालांकि, त्योहार से ऐन एक रात पहले बीएमसी (BMC) ने सोसाइटी परिसर के भीतर बकरे रखने और कुर्बानी देने की दी गई अनुमति को अचानक रद्द कर दिया।

    बीजेपी नगरसेविका ने नियमों का हवाला देकर जताई आपत्ति

    इस मामले में स्थानीय बीजेपी नगरसेविका प्रीति साटम ने वार्ड ऑफिसर को एक शिकायत पत्र सौंपकर इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। अपने पत्र में नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा कि इस रिहायशी सोसाइटी के बिल्कुल पास में ही एक स्कूल और हिंदू धार्मिक स्थल मौजूद है। ऐसी जगह पर सोसाइटी के अंदर कुर्बानी की इजाजत देना ठीक नहीं है, क्योंकि इससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। इस विरोध के बावजूद सोसाइटी परिसर में बकरे रखे गए हैं।

    मुस्लिम समुदाय का आरोप: 'बीजेपी के दबाव में हुआ फैसला'

    दूसरी तरफ, स्थानीय मुस्लिम समाज ने इस कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उनका आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राजनीतिक दबाव के कारण ही बीएमसी ने आखिरी वक्त पर यह परमिशन रद्द की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए, लेकिन पिछले दो सालों से उनके साथ ऐसा ही बर्ताव किया जा रहा है, जो सरासर नाइंसाफी है।

    त्योहार मनाने को लेकर उठे सवाल और नाराजगी

    परमिशन रद्द होने से नाराज मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा, "क्या संविधान में यह लिखा है कि मुसलमान अपना त्योहार नहीं मना सकते? जब बाकी सभी धर्मों के लोग अपने-अपने त्योहार मनाते हैं, तो हमारे त्योहार मनाने से लोगों को क्या परेशानी है? कोई किसी के घर में झांकने नहीं जाता कि वहां क्या पक रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि जब सड़क पर लोग भूख से दम तोड़ते हैं, तब कोई राजनेता या बड़ा आदमी मदद के लिए आगे नहीं आता, लेकिन त्योहारों के वक्त राजनीति शुरू हो जाती है।

    बीएमसी ने 119 जगहों पर दी मंजूरी, दो जगहों पर हुआ विरोध

    इस पूरे विवाद पर उप महापौर संजय घड़ी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि बीएमसी ने इस साल बकरीद की कुर्बानी के लिए शहर भर में 119 ठिकानों को चिन्हित कर अनुमति दी है। उन्होंने जानकारी दी कि गोरेगांव और घाटकोपर, दो ऐसे इलाके थे जहाँ हाउसिंग सोसाइटी के परिसर के भीतर बकरे लाकर कुर्बानी देने की योजना थी। लेकिन स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों के विरोध व आपत्तियों को देखते हुए प्रशासन ने इन दोनों जगहों पर दी गई इजाजत को वापस ले लिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here